
छत्तीसगढ़ में रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक, गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को बिलासपुर रेंज में अपराधों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में पुलिस महानिदेशक, गृह विभाग के सचिव, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे। करीब 4 घंटे तक चली इस बैठक में लंबित गंभीर अपराधों, जैसे ब्लाइंड मर्डर, चाकूबाजी, तलवारबाजी, और फायरिंग के मामलों की गहन समीक्षा की गई।

लंबित अपराधों पर गहन चर्चा
गृह मंत्री ने बैठक में लंबित मर्ग प्रकरणों, राष्ट्रीय और राज्य मानव अधिकार आयोग के अधूरे मामलों, महिला एवं बाल अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए इन मामलों में तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ितों को क्षतिपूर्ति दिलाने, मानव तस्करी के लंबित मामलों, और गुमशुदा महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के प्रकरणों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली।
अनुसूचित जाति, जनजाति और चिटफंड मामलों की समीक्षा
अनुसूचित जाति और जनजाति पर हुए अपराधों, राहत राशि वितरण की स्थिति और चिटफंड मामलों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मादक पदार्थों के मामलों और गौवंश से संबंधित अपराधों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कानून व्यवस्था को सख्त करने के निर्देश
कानून व्यवस्था को मजबूत करने और जिले में लागू की जा रही बेस्ट प्रैक्टिस पर भी विचार-विमर्श हुआ। गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
READ MORE :
Leave a Reply