छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए महतारी सदन का निर्माण
छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं के लिए महतारी सदन के पहले चरण में 179 सदनों के निर्माण की मंजूरी दे दी है। इसके लिए 52 करोड़ 20 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ने पहले ही डिजाइन और प्राक्कलन तैयार कर राज्य शासन को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है।

प्रत्येक महतारी सदन के निर्माण पर 29.20 लाख रुपये खर्च होंगे। ये सदन लगभग 2500 वर्गफुट क्षेत्र में बनाए जाएंगे, जिसमें कमरा, शौचालय, बरामदा, हाल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही पानी की उपलब्धता के लिए ट्यूबवेल और वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन सदनों में बाउंड्रीवाल भी बनाया जाएगा और सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी शुरुआत हो चुकी है। पहले चरण में प्रदेश के हर विकासखंड में महतारी सदन का निर्माण प्रारंभ किया जा रहा है। अगले पांच वर्षों में सभी 11,600 से अधिक पंचायतों में सदन का निर्माण किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि ये महतारी सदन महिलाओं को रोजगार और कामकाज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए जा रहे हैं।
न्यू इंडिया के विकास चक्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत महिलाओं की क्षमता को देश के विकास से जोड़ा जा रहा है, और महतारी सदन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
READ MORE :

Leave a Reply