
बिलासपुर में युवती से छेड़खानी और दोस्त पर चाकू से हमला आरोपी मौके से फरार
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवती से छेड़खानी और उसके दोस्त पर चाकू से हमले की घटना ने सनसनी फैला दी है। सरकंडा के चिंगराजपारा निवासी नानू निषाद अपनी दोस्त के साथ कंपनी गार्डन घूमने गया था। इस दौरान, जब युवती वाशरूम गई, तो कुछ नशे में धुत युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने शोर मचाया, जिसके बाद नानू ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की। लेकिन तभी एक युवक ने नानू पर चाकू से हमला कर उसके पैर पर गंभीर चोट पहुंचाई।
हंगामे के बाद गार्डन में मौजूद लोग जमा हो गए, मगर हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल नानू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नानू ने हमलावरों में से एक की पहचान महामाया चौक निवासी के रूप में की है, और पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
बिलासपुर में हाल के दिनों में चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे शहरवासी चिंतित हैं। इसी दिन सुबह सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में भी एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
READ MORE :

















