
नक्सलवाद पर काबू और विकास कार्यों पर 7 अक्टूबर को होगी अहम बैठक
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 7 अक्टूबर को नई दिल्ली में नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गृह मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नक्सलवाद के खात्मे और प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस बैठक में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में न केवल सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, बल्कि इन इलाकों में विकास कार्यों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य न केवल नक्सलियों के आतंक को समाप्त करना है, बल्कि इन इलाकों में विकास की मुख्यधारा को तेजी से बढ़ाना है ताकि इन क्षेत्रों के लोग शांति और स्थिरता से जुड़ सकें।
बैठक के दौरान राज्य में चल रहे नक्सल ऑपरेशनों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी और यह भी बताया जाएगा कि सरकार किस तरह से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री साय 6 अक्टूबर की शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद एक लंबी समस्या रही है, जिसने कई वर्षों तक विकास और शांति के प्रयासों को प्रभावित किया है। लेकिन हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों के सघन ऑपरेशनों और सरकार के विकास कार्यों की रणनीति ने नक्सल प्रभावित इलाकों में काफी बदलाव लाया है। बैठक के माध्यम से, केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश करेंगी।
इन्हें भी पढ़िए :-
घातक हमले के बाद चार अपचारी बालक भागे, संजय मिश्रा की स्थिति गंभीर
















