छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ़्तार हुई धीमी जल्द फिर बरसेंगे बादल
छत्तीसगढ़ में मानसूनी बारिश का कोटा पूरा हो चुका है, लेकिन पिछले दो दिनों से बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण तापमान में बढ़त देखी जा रही है। उमस से लोग परेशान हो रहे हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दो दिन बाद प्रदेश में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। सरगुजा संभाग में झमाझम बारिश की उम्मीद है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बारिश कम होने से किसानों को राहत मिली है, जिससे वे फसलों में कीटनाशक और उर्वरक छिड़काव कर सकें। इस बीच, सुकमा में सर्वाधिक तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून ने थोड़ी राहत दी है, लेकिन मंगलवार से फिर से तेज बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। विशेष रूप से बस्तर संभाग के जिलों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार, सोमवार को प्रदेश में मानसून की गतिविधियाँ कुछ कमजोर रहेंगी। इसके बावजूद अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बस्तर और सरगुजा संभाग में अच्छी बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस और बलरामपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति
मंगलवार से प्रदेश में मानसून की गतिविधियाँ दोबारा से तेज होंगी। बस्तर संभाग में आज भारी बारिश होने की संभावना है और यह क्षेत्र चरम दक्षिण में स्थित रहेगा। छत्तीसगढ़ के उत्तर भाग में एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात स्थित है, जो 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका बीकानेर से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके साथ ही एक विंड शियर जोन 21 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।
रायपुर में मौसम का हाल
रायपुर में सोमवार को मौसम सामान्यत: मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।