
जेलों में फिर गूंजेगी राखी की खुशियां प्रशासन ने दी हरी झंडी
रायपुर केंद्रीय जेल और छत्तीसगढ़ की अन्य जेलों में राखी का त्योहार इस साल भी धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कुछ दिनों पहले तक इस आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति थी, लेकिन अब जेल मुख्यालय ने इसकी अनुमति दे दी है, जिससे जेल प्रशासन उत्साहित है।
पिछले साल की तरह इस साल भी कैदी भाइयों के लिए उनकी बहनें राखी बांधने आएंगी। जेल डीजी राजेश मिश्रा ने सभी जेल अधीक्षकों और जेलरों को राखी के आयोजन के संबंध में आवश्यक सुझाव और जानकारियां देने को कहा था, जिसमें कैदियों से मिलने आने वाले स्वजनों की संख्या, आयोजन पर होने वाले खर्च और सुरक्षा व्यवस्था शामिल थी। इन जानकारियों के मिलने के बाद जेल मुख्यालय ने अनुमति दे दी है, और इसकी सार्वजनिक सूचना भी जेल के बाहर चस्पा कर दी गई है।
रायपुर केंद्रीय जेल के अधीक्षक अमित शांडिल्य ने बताया कि राखी पर्व की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। कैदियों से मिलने आने वाली बहनों को सौ ग्राम सूखी मिठाई और राखी के साथ प्रवेश दिया जाएगा, लेकिन इससे पहले सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। प्रत्येक कैदी के तीन स्वजनों को ही मिलने की अनुमति होगी और इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस आयोजन के माध्यम से जेल प्रशासन कैदियों और उनके स्वजनों के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत बनाने का प्रयास कर रहा है।
READ MORE :
