
बिलासपुर में ताबड़तोड़ चाकू हमले से युवक की मौत
बिलासपुर जिले के तिफरा बछेरापारा में एक और हत्या ने इलाके को दहला दिया है। 10 दिन के अंदर हुई दूसरी हत्या की इस घटना में आकाश सूर्या नामक युवक की बेरहमी से चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। घटना पुराना बस स्टैंड के पास स्थित बछेरापारा चौक पर सुबह करीब 9 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, आकाश सूर्या अपने काम के लिए घर से निकलते ही बछेरापारा चौक के पास शुभम साहू नामक युवक से मिला। दोनों के बीच शुरू में सामान्य हाथापाई हुई, लेकिन स्थिति तब बिगड़ गई जब शुभम साहू ने अचानक चाकू से आकाश सूर्या पर हमला कर दिया। इस हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सिम्स अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स मरचूरी में भेज दिया गया है।
इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है और स्थानीय लोग इसे दो हफ्तों के भीतर दूसरी हत्या की घटना मान रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शुभम साहू की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
READ MORE :





