
गोंदिया बस हादसे में 12 की मौत,18 घायल, सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 12 लोगों की जान चली गई और 18 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा गोंदिया से 30 किमी पहले खजरी गांव के पास हुआ। घटना करीब 12:30 बजे के आसपास का बताया जा रहा है है। यह हादसा उस समय हुआ जब महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की शिवशाही बस क्रमांक MH09EM1273 भंडारा से गोंदिया आ रही थी।
Read More : जोनल स्टेशन पर मानसिक रोगी ने कर्मचारी पर किया हमला
बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर ने बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की रेलिंग से जा टकराई और पलट गई। दुर्घटना के बाद बस ड्राइवर घटनास्थल से भाग गया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर की तलाश जारी है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत में मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। यह हादसा महाराष्ट्र में सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
Read More : अम्बिकापुर में ठण्ड ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, पारा जा पहुँचा 10 डिग्री से नीचे

















