
ठंडी हवाओं ने बदला प्रदेश में मौसम का मिजाज़, तापमान में हुई गिरावट
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का असर देखने को मिला है, जहाँ ठंडी हवाओं के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट भी गिरावट देखने को मिला है। उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं ने मौसम में तेजी से बदलाव किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। ठंडी हवाओं का प्रभाव पहले उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा, इसके बाद यह मध्य और फिर दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक पहुंचेगा।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि सुबह के समय कोहरे के साथ दिनभर ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे ठंड का असर और बढ़ेगा। सोमवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। रायगढ़ के मुकड़ेगा में 9.4 मिमी वर्षा हुई। दुर्ग में 31.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। अंबिकापुर में सबसे कम 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के विभिन्न संभागों में तापमान में बदलाव देखा जा रहा है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट संभव है। सरगुजा संभाग में 2-3 डिग्री की गिरावट की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दिसंबर के शुरुआती दिनों में हल्की गर्मी रहती है, लेकिन इसके बाद ठंडी हवाएं प्रबल होती हैं। पिछले 30 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के अधिकतर केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य औसत से अधिक दर्ज किया गया है। दुर्ग में 3.5 डिग्री, अंबिकापुर में 2.3 डिग्री, बिलासपुर में 1.8 डिग्री, और रायपुर में 1.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और सुबह-सुबह ठंडी हवाओं में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में ठंड के आसार जताए जा रहे हैं।
Read More :


