सिक्किम में भूकंप के झटके से लोगों में मचा हड़कंप

सिक्किम में भूकंप के झटके से लोगों में मचा हड़कंप
सिक्किम के सोरेंग में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप सुबह 6 बजकर 57 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई। भूकंप के कारण घरों में रखी चीजें हिलने लगीं, जिससे घबराए लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।राहत की बात, कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ I
हालांकि, भूकंप की तीव्रता अधिक नहीं थी, इसलिए जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तीव्रता के भूकंप से इमारतों या संरचनाओं को गंभीर नुकसान होने की संभावना कम होती है, लेकिन छोटी-मोटी चीजें गिर सकती हैं और हल्का नुकसान हो सकता है।
सिक्किम से पहले गुरुवार को जापान के दक्षिणी तट पर भी एक शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। जापान के क्यूशू द्वीप के मियाजाकी प्रांत के निचिनान शहर में इस भूकंप का सबसे अधिक असर देखा गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.1 मापी गई थी। भूकंप के कारण तीन लोग घायल हो गए थे और जापानी अधिकारियों ने तुरंत सुनामी की चेतावनी जारी की थी। नागरिकों को समुद्र तट से दूर रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी।
भूकंप की तीव्रता के आधार पर प्रभाव
रिक्टर स्केल के अनुसार, भूकंप की तीव्रता का पैमाना 0 से 9+ तक होता है, जहां हर स्तर पर इसके प्रभाव में बड़ा अंतर होता है।
- 0-1.9: इस स्तर का भूकंप केवल सीस्मोग्राफ के जरिए ही महसूस किया जा सकता है।
- 2-2.9: लटकी हुई चीजें झूलने लगती हैं।
- 3-3.9: इस दौरान लोग हल्के झटके महसूस करते हैं।
- 4-4.9: घरों में छोटी चीजें टूट सकती हैं।
- 5-5.9: हालात बिगड़ सकते हैं, प्लास्टर गिर सकता है।
- 6-6.9: इमारतों को नुकसान हो सकता है।
- 7-7.9: तबाही की शुरुआत होती है, जनहानि हो सकती है।
- 8-8.9: बड़े स्तर पर तबाही हो सकती है, जानमाल का नुकसान हो सकता है।
- 9 या उससे अधिक: इस तीव्रता में जमीन लहराने लगती है और बड़े पैमाने पर तबाही मच सकती है।
सिक्किम में हालिया भूकंप के बाद, नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तैयार रहने की अपील की गई है। भूकंप के समय सुरक्षित स्थानों की पहचान करना, बिजली और गैस की आपूर्ति बंद करना और इमारतों से बाहर खुले स्थान पर जाना जरूरी होता है। भूकंप के बाद अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचनाओं का पालन करना भी महत्वपूर्ण है।
सिक्किम में हुए इस भूकंप के बाद, प्रशासन किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और लोगों से संयम बनाए रखने की अपील कर रहा है।
READ MORE :